800 जवानों के पहरे में रहेगा धर्मशाला

11 सेक्टरों में बंटी सुरक्षा व्यवस्था, तपोवन विधानसभा परिसर में रहेगा त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
धर्मशाला के तपोवन में 16 नवंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर कांगड़ा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है। छह दिवसीय सत्र के दौरान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में करीब 800 पुलिस जवानों व अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए विधानसभा परिसर सहित पूरे धर्मशाला शहर को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की दृष्टि से 11 सेक्टरों में बांटा गया है। रविवार को जोरावर सिंह मैदान तपोवन में पुलिस जवानों और अधिकारियों की ब्रीफिंग होगी। इसके बाद सभी को निर्धारित स्थानों पर तैनात कर दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले पांच सेक्टरों को अति संवेदनशील और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रखा गया है। सेक्टर-एक में विधानसभा परिसर और इसके दोनों मुख्य प्रवेश द्वार शामिल हैं, जहां त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। सेक्टर-दो में कनेड़ चौक से जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह तक विधानसभा का बाहरी क्षेत्र रहेगा।

सेक्टर-तीन में जोरावर पार्किंग, रैली मैदान, पंचायत भवन सिद्धबाड़ी, नियंत्रण कक्ष और पुराने पंचायत घर सिद्धबाड़ी की व्यवस्था शामिल है। मुख्यमंत्री के रात्रि ठहराव स्थल परिधि गृह को सेक्टर-चार और धर्मशाला स्थित लघु सचिवालय को सेक्टर-पांच में रखा गया है। विधानसभा सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए छह विशेष ट्रैफिक सेक्टर बनाए गए हैं। इसके तहत मटौर, गगल, डाढ, योल और मैक्लोडगंज से धर्मशाला तक वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान रहेगा। सिद्धबाड़ी से योल, चामुंडा और डाढ तक के मार्ग को अलग सेक्टर में रखा गया है। वहीं, सिद्धबाड़ी से शीला चौक और शीला चौक से रेडक्रॉस चौक तक भी अलग-अलग यातायात सेक्टर बनाए गए हैं। शहर के व्यस्त रेडक्रॉस चौक, कचहरी चौक, केसीसी बैंक चौक, शिक्षा बोर्ड, अपर सकोह, चिलगाड़ी रोड, वार मेमोरियल से परिधि गृह और कोतवाली बाजार तक यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रहेगी।


एसपी के बोल
पुलिस विभाग कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि विधानसभा सत्र को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। करीब 800 पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। रविवार को जोरावर सिंह मैदान में ब्रीफिंग के बाद सभी की ड्यूटी निर्धारित सेक्टरों में लगा दी जाएगी। मटौर, गगल, डाढ, योल और मैक्लोडगंज सहित धर्मशाला तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।