खस्ताहाल सडक़ ने बढ़ाई दिक्कत, रोज गड्ढों और धूल के बीच सफर कर करने वाले लोग बेहाल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ज्वालामुखी
ज्वालामुखी से टिहरी जाने वाली सडक़ की हालत खस्ता होने के कारण यहां से आवाजाही करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ धूल उडऩे से राहगीरों और वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। टिहरी क्षेत्र के निवासी केहर सिंह ठाकुर और राजेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि पिछले लंबे समय से सडक़ की हालत खराब बनी हुई है। उनका रोजाना ज्वालामुखी आना-जाना रहता है, लेकिन सडक़ की बदहाली के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
हालत यह है कि कई बार वे इस मार्ग पर अपना वाहन ले जाने से भी कतराते हैं। सडक़ की खराब स्थिति के चलते स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के ध्यान में लाया गया, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है। ग्रामीणों का आरोप है कि टिहरी क्षेत्र को विकास के मामले में राजनीतिक अनदेखी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सडक़ की मरम्मत और पैचवर्क का कार्य पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी संघर्ष का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
जल्द काम होगा शुरू
इस संदर्भ में ज्वालामुखी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रताप सिंह राणा ने बताया कि सडक़ के निर्माण और मरम्मत कार्य के टेंडर हो चुके हैं। ठेकेदार की ओर से जगह-जगह काम भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सडक़ का शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी।