जिलाधीश ने बुजुर्गों संग मनाया दीपों का त्योहार

अपना घर में अपनों जैसा प्यार लेकर वृद्धाश्रम पहुंचीं किरण भड़ाना; मिठाई, फल और उपहार भेंट कर मनाई दिवाली
स्टाफ रिपोर्टर — बिलासपुर
दीपावली की खुशियां उस समय और खास हो गईं, जब उपायुक्त किरण भड़ाना मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित अपना घर वृद्धाश्रम पहुंचीं और वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ त्योहार मनाया। उन्होंने बुजुर्गों को मिठाई, फल और उपहार भेंट किए तथा उनसे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के जीवन के अनुभव भी सुने और उनके साथ कुछ समय बिताया। उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि माता-पिता और बुजुर्ग परिवार व समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने जीवनभर परिवार और समाज के निर्माण में अहम योगदान दिया है। ऐसे में उनका सम्मान करना और जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें प्रेम, सुरक्षा व अपनापन देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। बुजुर्गों की देखभाल केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों और मानवीय मूल्यों की पहचान भी है। उन्होंने समाज के लोगों से आग्रह किया कि कोई भी बुजुर्ग उपेक्षा और अकेलेपन का शिकार न हो। उन्होंने मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से निराश्रित और बेसहारा बुजुर्गों को आश्रय देने तथा उन्हें परिवार जैसा माहौल उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का सराहनीय उदाहरण है। जिला प्रशासन ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में हरसंभव सहयोग देगा।

106 बुजुर्गों को मिल चुका है आश्रय मानव सेवा ट्रस्ट सुंदरनगर के संस्थापक एवं अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि ट्रस्ट वर्ष 2020 से अपना घर: वृद्धाश्रम का संचालन कर रहा है। अब तक यहां 106 निराश्रित बुजुर्गों को आश्रय दिया जा चुका है। इनमें से 57 बुजुर्गों को परिजनों की काउंसिलिंग के बाद सम्मानपूर्वक उनके परिवारों में वापस भेजा गया है, जबकि बीमारी और वृद्धावस्था के कारण 10 बुजुर्गों का निधन हो चुका है। वर्तमान में आश्रम में 25 बुजुर्ग रह रहे हैं। इनमें 15 ऐसे बुजुर्ग भी हैं, जिन्होंने लंबे समय तक सडक़ों पर कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताया। आज उन्हें आश्रम में सुरक्षित आश्रय के साथ परिवार जैसा स्नेह और सम्मान मिल रहा है। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी बिलासपुर के सचिव अमित कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान रचना कुमारी, पंचायत समिति सदस्य पूजा देवी, मानव सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य, आश्रम के कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।