शेयर मार्केट में धनतेरस पर दिवाली, निफ्टी नौ महीने के शीर्ष पर

सेंसेक्स में 1718 अंक की तेजी 

 मुंबई – वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला शुक्रवार को लगातार सातवें कारोबारी सत्र में जारी रहा। विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मजबूत हुई निवेशक धारणा के बीच सेंसेक्स 1,718 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी फिर से 25,000 अंक के पार पहुंच गया। विश्लेषकों के मुताबिक, दूसरी तिमाही में कंपनियों के बेहतर वित्तीय नतीजों और रुपए में मजबूती से भी बाजार की धारणा को समर्थन मिला। इसके साथ ही शेयर बाजार में दिवाली का त्योहारी उत्साह भी बना हुआ है।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,718.01 अंक यानी 2.17 प्रतिशत चढक़र दिन के उच्चतम स्तर 81,028.02 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 493.75 अंक यानी 2.01 प्रतिशत की तगड़ी बढ़त के साथ दिन के उच्चतम स्तर 25,030.35 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी का नौ महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 6.15 प्रतिशत चढ़ा। कंपनी ने एक दिन पहले कहा था कि सितंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत बढक़र 4,587.88 करोड़ रुपए रहा। वाहन कारोबार में मजबूत राजस्व वृद्धि से कंपनी के लाभ को समर्थन मिला। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में भी बढ़त रही।