दीयों, रंग-बिरंगी लाइटों और मिठाइयों खरीददारी को उमड़ी लोगों की भीड़, चौगान में पटाखों के चार दर्जन स्टॉल सजे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
दीपावली से पहले शनिवार को सिरमौर जिला के बाजारों में रौनक चरम पर रही। जिला मुख्यालय नाहन सहित पांवटा साहिब, राजगढ़, शिलाई, संगड़ाह, सराहां, हरिपुरधार, ददाहू और कालाअंब समेत तमाम कस्बों में खरीददारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाजारों में दीपावली की तैयारियों को लेकर चहल-पहल शुरू हो गई थी। लोग घरों को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां, रंग-बिरंगी बिजली की लाइटें और सजावटी सामान खरीदते नजर आए। मिठाइयों की दुकानों के बाहर लगे आकर्षक स्टॉल भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
दीपावली पर शुभ माने जाने वाले चांदी के सिक्कों, मूर्तियों और अन्य सामान की खरीद के लिए ज्वेलरी की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में प्रशासन की अनुमति से पटाखों के करीब चार दर्जन स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग आतिशबाजी की खरीददारी करते दिखे। कुछ लोग पटाखे खरीदने के लिए हरियाणा के रसूलपुर का रुख भी करते नजर आए। वहीं, त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग भी सतर्क रहा। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग सिरमौर अरुण चौहान ने बताया कि विभाग ने अलग-अलग स्थानों से छह सैंपल एकत्रित किए थे। इनमें कलाकंद, खोया बर्फी, देसी घी के मल्टीग्रेन बेकरी बिस्कुट और बटर काजू-पिस्ता सहित बेकरी के बिस्कुट निम्न स्तर के पाए गए। इसके बाद विभाग ने चार व्यापारियों के चालान कर उन्हें नोटिस जारी किए हैं।