24 घंटे में सामने आई छह घटनाएं, ढलियारा में लकड़ी लदा ट्रक पलटा
हरिपुर में खैर के 27 मोच्छे चोरी; मारपीट, लापता होने और हिट एंड रन के मामले भी दर्ज
स्टाफ रिपोर्टर-गरली
देहरा पुलिस जिला क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान अलग-अलग घटनाओं ने हलचल मचा दी। ढलियारा में लकड़ी से लदा ट्रक पलटने से चालक की मौत हो गई, हरिपुर में निजी खेत से खैर के 27 मोच्छे चोरी हो गए, जबकि मोईन में एक व्यक्ति लापता हो गया। इसके अलावा मारपीट और सडक़ हादसे के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस ने विभिन्न थानों में छह एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर ढलियारा स्थित सत्संग भवन के समीप 6 नवंबर सुबह करीब 4:30 बजे लकड़ी से लदा ट्रक पलट गया। हादसे में घायल चालक ने टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, मोईन के उजड़े खास में पुष्पा देवी ने अपने पति के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई है।
परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा तलाश करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। हरिपुर के भंगवार में चोर निजी खेत से खैर के 27 मोच्छे काट ले गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर बरामद लकड़ी वन विभाग के सुपुर्द कर दी है। इसी क्षेत्र में नशे की हालत में बाजार पहुंचे एक व्यक्ति के साथ रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट का मामला भी दर्ज हुआ है। पैसां में सलोचना देवी ने भी रास्ता रोककर मारपीट करने की शिकायत दी है। वहीं, कथोग में रात करीब 10:50 बजे सफेद स्विफ्ट डिजायर कार ने सडक़ किनारे खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में देहरा निवासी पंकज शर्मा घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।