विधायक के 550 करोड़ रुपए के विकास के दावे पर अनिल धीमान का वार
निजी संवाददाता- भोरंज
भोरंज के पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने कांग्रेस विधायक पर क्षेत्र में 550 करोड़ रुपए के विकास कार्यों पर खर्च करने के दावे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक विकास कार्यों को लेकर जनता के सामने गलत आंकड़े पेश कर रहे हैं और बड़े-बड़े दावे करके लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में 550 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए हैं तो विधायक को उनका पूरा ब्यौरा जनता के सामने रखना चाहिए। डॉ. अनिल धीमान ने कहा कि विधायक की प्राथमिकता सूची को देखें तो पिछले चार वर्षों के दौरान उसमें शामिल योजनाओं में से केवल एक योजना की डीपीआर ही तैयार हो पाई है। ऐसे में 550 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के दावे वास्तविकता से परे नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को आंकड़ों और भाषणों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों से जवाब चाहिए। उन्होंने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा भोरंज क्षेत्र में सडक़ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार से सडक़ योजना के लिए धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद संबंधित कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया।
इसी कारण सांसद ने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को 20 फरवरी तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पूर्व विधायक ने कहा कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार धनराशि उपलब्ध करवाई है। उनके प्रयासों से क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों की निगरानी करना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी है। डॉ. अनिल धीमान ने कार्यकाल का हिसाब सामने रखना चाहिए।
मजबूती नहीं मिली
पूर्व विधायक ने भोरंज सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विधायक अपने चार साल के कार्यकाल में अस्पताल में एक्स-रे मशीन तक उपलब्ध नहीं करवा पाए। उनका दावा है कि भाजपा शासनकाल में क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कई सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल पाई है।