तरैला में ‘पारंपरिक बीज गांव योजना’ पर जागरूकता एवं समीक्षा बैठक का समापन
स्टाफ रिपोर्टर- पद्धर
हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पारंपरिक बीज गांव योजना’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत टिक्कर (डाकघर बल्ह) के गांव तरैला में एक दिवसीय जागरूकता एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। आत्मा परियोजना मंडी द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का आयोजन ‘सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट एंड एक्शन, थलटूखोड’ (जिला मंडी) के तत्वावधान में किया गया। बैठक में आत्मा परियोजना मंडी के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश पटियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) देवेंद्र कुमार ने विशेषज्ञ के तौर पर शिरकत की। संस्था की ओर से कार्यक्रम संचालक सोबर दत्त विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सोबर दत्त ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों का स्वागत किया। उन्होंने किसानों के साथ ‘बीज गांव’ योजना के उद्देश्यों, महत्व तथा अब तक की गई गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देशी बीजों का संरक्षण केवल कृषि उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि स्थानीय कृषि विविधता, पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढिय़ों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य अतिथि डॉ. राकेश पटियाल ने ग्रामीणों से क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के पुराने एवं पारंपरिक बीज मंगवाए और उनकी विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ‘बीज गांव’ योजना के तहत ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। डॉ. पटियाल ने बताया कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ती लागत और रासायनिक इनपुट्स पर निर्भरता के दौर में देसी बीजों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने किसानों को पारंपरिक बीजों को सुरक्षित रखने, उनका चयन करने, संग्रहण करने तथा अगली फसल के लिए उपयोग करने की प्रक्रिया समझाई। बैठक में ‘प्राकृतिक खेती क्यों और कैसे’ विषय पर किसानों को विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. पटियाल ने प्राकृतिक खेती के लाभ, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के उपाय, रासायनिक खाद व कीटनाशकों के विकल्प तथा पर्यावरण-अनुकूल खेती के तरीकों पर प्रकाश डाला।