घुमाणी चोंक और कंदरौर पुल के पास की कार्रवाई, पेड़ा-मिल्क केक समेत पांच मिठाइयों के सैंपल जांच को भेजे
निजी संवाददाता-भगेड़
दिवाली के त्योहार से पहले बाजार में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घुमाणी चौक और कंदरौर पुल के समीप कार्रवाई करते हुए करीब 40 किलोग्राम मिठाइयां नष्ट करवाई। इनमें लड्डू, नारियल बर्फी और चमचम शामिल हैं। इसके साथ ही अलग-अलग मिठाइयों के पांच सैंपल भी जांच के लिए भरे गए हैं। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान पेड़ा, मिल्क केक, गुजिया, बेसन बर्फी और रसगुल्ला के एक-एक सैंपल लिए गए। इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा।
रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढऩे के साथ मिलावट और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग बाजारों में लगातार निरीक्षण कर रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। जिला बिलासपुर खाद्य सुरक्षा अधिकारी खगेंद्र ठाकुर ने बताया कि घुमाणी चौक के पास कार्रवाई के दौरान लड्डू नारियल बर्फी और चमचम सहित करीब 40 किलोग्राम मिठाइयां नष्ट करवाई गई हैं। इसके अलावा पेड़ा, मिल्क केक, गुजिया, बेसन बर्फी और रसगुल्ला के पांच सैंपल जांच के लिए गए हैं।