पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार को पीएचडी की मानद उपाधि

करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के 12वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने किए सम्मानित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार को सामाजिक क्षेत्र और सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए मानद पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया है। करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी के 12वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की। इसी समारोह में आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा को विधि विषय में शोध कार्य पूरा करने पर पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों का संरक्षण, उनकी समस्याओं का समाधान और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना आयोग के प्रमुख कार्यों में शामिल है।

आयोग के अध्यक्ष के रूप में कुलदीप कुमार शिकायतों के निस्तारण, सरकारी योजनाओं की समीक्षा, फील्ड विजिट और जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचा रहे हैं। समुदाय से जुड़े विषयों पर संस्थागत अध्ययन और शोध एवं विकास संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में आयोग काम कर रहा है। कुलदीप कुमार ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष हिमाचल प्रदेश की जरूरतों के अनुरूप अनुसंधान एवं विकास के लिए सहयोग का विषय भी उठाया है।

43 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल
करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी का 12वां दीक्षांत समारोह 3 नवंबर को हमीरपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में कुल 648 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 43 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि मिली। इसके अतिरिक्त 43 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अन्य हस्तियों को भी मानद उपाधियां प्रदान की गईं।