बाइपास पर बस से उतरना आसान, सडक़ पार करना मुश्किल

पैदल यात्रियों के लिए नहीं बनाई गई जेब्रा क्रॉसिंग, जान जोखिम में डालकर हाईवे पार कर रहे राहगीर

निजी संवाददाता-सोलन
सोलन के बाइपास पर बस से उतरना तो आसान हो गया है, लेकिन सडक़ पार करना पैदल यात्रियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बाईपास पर बस से उतरने के बाद यदि किसी राहगीर को सडक़ के दूसरी ओर जाना हो तो उसे करीब सौ कदम पीछे या आगे चलकर रास्ता तलाशना पड़ता है। यहां पैदल यात्रियों के लिए उचित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाईपास पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण यहां से तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सडक़ पार करने के लिए निर्धारित स्थान और जेब्रा क्रॉसिंग नहीं होने से राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर वाहनों के बीच से रास्ता पार करना पड़ता है।

खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों का कहना है कि बस से उतरने के बाद कई बार उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सडक़ की दूसरी तरफ जाना होता है। लेकिन आसपास पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें काफी दूरी तय करनी पड़ती है। कई लोग समय बचाने के लिए सीधे सडक़ पार करने का जोखिम उठाते हैं। इससे कभी भी बड़ा सडक़ हादसा हो सकता हैं। उनका कहना है कि बाईपास पर यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में पैदल चलने वालों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सडक़ पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।


एनएचएआई से क्रॉसिंग बनाने की मांग

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से बाईपास पर पैदल यात्रियों के लिए उचित क्रॉसिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रमुख बस स्टॉप के आसपास जेब्रा क्रॉसिंग, संकेतक और जरूरत के अनुसार अन्य सुरक्षित पैदल पारपथ बनाए जाएं, ताकि यात्रियों को सडक़ पार करने के लिए अतिरिक्त दूरी न तय करनी पड़े और न ही तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरकर अपनी जान जोखिम में डालनी पड़े।