सरकारी स्कूलों को 30 तक निपटाने होंगे सालाना समारोह

दिसंबर में आयोजन पर लगाई रोक, आदेशों की अवहेलना करने वाले स्कूल मुखियाओं पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

कार्यालय संवाददाता-मंडी
जिला मंडी के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह करवाने को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिले के जिन सरकारी स्कूलों में अभी तक वार्षिक समारोह आयोजित नहीं हुए हैं, उन्हें अब अगले 11 दिनों के भीतर यह आयोजन करवाना होगा। शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट कर दिया है कि दिसंबर महीने में किसी भी सरकारी स्कूल में वार्षिक समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे। ऐसे में स्कूल मुखियाओं के पास समारोह करवाने के लिए 30 नवंबर तक का ही समय बचा है। निर्धारित समयसीमा के बाद समारोह आयोजित करने पर संबंधित स्कूल मुखिया के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। विभाग का तर्क है कि स्कूलों में वार्षिक समारोह के आयोजन के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से समारोहों के आयोजन के लिए नवंबर महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है।

विभाग ने सभी स्कूल मुखियाओं को आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। गौरतलब है कि सरकारी स्कूलों में हर साल वार्षिक समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य पाठ्य सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। इन समारोहों में विद्यार्थियों की सालभर की उपलब्धियों को अभिभावकों और स्थानीय लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाता है। हालांकि, इस बार शिक्षा विभाग ने समारोहों के आयोजन को नवंबर तक सीमित रखने का निर्णय लिया है,, ताकि दिसंबर से फरवरी तक विद्यार्थी अपनी पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।


अगले 11 दिनों में पूरी करनी होगी तैयारी
शिक्षा निदेशालय के नए आदेशों के बाद मंडी जिले के स्कूलों के सामने वार्षिक समारोह जल्द आयोजित करवाने की चुनौती है। नवंबर का महीना समाप्त होने में अब महज 11 दिन शेष हैं। ऐसे में जिन स्कूलों में अभी तक वार्षिक समारोह नहीं हुए हैं, उन्हें इसी अवधि में आयोजन की तैयारियां पूरी करनी होंगी। विभाग ने आदेशों की प्रतियां सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों और स्कूल मुखियाओं को भी भेजी हैं।

उपनिदेशक के बोल
उच्च शिक्षा विभाग मंडी के उपनिदेशक यशवीर धीमान ने अनुसार शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सभी सरकारी स्कूलों में 30 नवंबर तक वार्षिक समारोह आयोजित करवाने हैं। आदेशों की अवहेलना करने पर विभागीय निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।