13 प्रतिशत डीए जल्द जारी करे सरकार

पेंशनरों का धरना तीसरे दिन भी जारी, 19 नवंबर को धर्मशाला में करेंगे विधानसभा का घेराव
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बिलासपुर में पेंशनरों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। जिला संयोजक चेतराम वर्मा की अध्यक्षता में जिलाधीश कार्यालय परिसर में पेंशनरों ने शांतिपूर्वक धरना देकर सरकार के प्रति रोष जताया। प्रदर्शन में शहरी निकायों के पेंशनरों सहित विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के सदस्यों ने भी भाग लिया। धरने के दौरान वक्ताओं ने सरकार से 13 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते की किस्तें 195 माह के बकाया सहित शीघ्र जारी करने की मांग उठाई। इसके अलावा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का एकमुश्त भुगतान करने की मांग भी की गई।

उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 19 नवंबर 2026 को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बिलासपुर जिले से एक हजार से अधिक पेंशनरों के शामिल होने का दावा किया गया। वहीं, शहरी निकायों के पेंशनरों ने अपने लंबित पेंशन मामलों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि करीब 2300 पेंशनरों के मामले विभाग के पास लंबित हैं, जबकि अभी तक केवल 80 मामलों का ही निपटारा हो पाया है। उन्होंने सरकार से शेष मामलों का निपटारा 15 दिसंबर से पहले करने की मांग की। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति बिलासपुर के अतिरिक्त सचिव राम प्रकाश ने जानकारी दी।