शहर की सुंदरता के लिए नगर निगम ने कसा शिकंजा
स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे अवैध फ्लैक्स और होर्डिंग बोर्डों पर नगर निगम ऊना ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए फ्लैक्स और होर्डिंग बोर्डों को हटाकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों और सडक़ों के आसपास बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्डों को हटाया गया। नगर निगम ऊना के आयुक्त पिरथी पॉल सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर को अवैध विज्ञापन बोर्डों से मुक्त करना और इसकी सुंदरता बनाए रखना है। शहर के विभिन्न हिस्सों में जगह-जगह लगाए गए फ्लैक्स और होर्डिंग बोर्डों के कारण शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी। कई स्थानों पर ये बोर्ड अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए थे, जिससे शहर का स्वरूप भी खराब हो रहा था। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब शहर में निगम की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी तरह के फ्लैक्स, होर्डिंग या विज्ञापन बोर्ड नहीं लगाए जा सकेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने हिदायतें दी हैं।