शिक्षकों की हर जायज मांग को सहीे मंच पर उठाऊंगा

दबाव और चुनौतियों के बीच शिक्षकों का संघर्ष तेज, विधायक कटवाल ने दिया सहयोग का आश्वासन

निजी संवाददाता-झंडूता

प्रदेश सरकार के फैसलों से नाराज प्राथमिक शिक्षकों ने अब अपनी मांगों को लेकर भाजपा विधायकों से सहयोग मांगना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की झंडूता खंड इकाई की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय विधायक जीतराम कटवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान शिक्षक संघ ने प्रदेश सरकार के प्राथमिक शिक्षकों से जुड़े फैसलों पर आपत्ति जताते हुए अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपा। विधायक जीतराम कटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और शिक्षक उस भविष्य को आकार देने वाले शिल्पकार हैं। शिक्षक केवल पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि राष्ट्र और समाज के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षा व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव प्राथमिक शिक्षा है। बच्चे के व्यक्तित्व, संस्कार और विचारों को दिशा देने में प्राथमिक शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए शिक्षकों का सम्मान, उनकी गरिमा और कार्यक्षमता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक, डिजिटल शिक्षा, नई शिक्षा नीति और बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास शिक्षा के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए भी सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, ताकि गांवों के बच्चों को भी शहरों के समान अवसर मिल सकें। कटवाल ने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों की जायज मांगों और समस्याओं को महज ज्ञापन या औपचारिकता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राकेश पटियाल, उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, महासचिव बाबूलाल शर्मा, झंडूता ब्लॉक अध्यक्ष जोगेंद्र लाल शर्मा, महासचिव तेजपाल शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरजीत, मुख्य सलाहकार मनजिंद्र सिंह, उपाध्यक्ष कृष्णलाल जसवाल, सचिव पवन सांख्यान और घुमारवीं ब्लॉक सचिव नरेंद्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।