सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा, देश की एकता और अखंडता में योगदान रहेगा अविस्मरणीय
जिला संवाददाता-कुल्लू
भुट्टिको परिसर में बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने इंदिरा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन, संघर्ष और देश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया। ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि इंदिरा गांधी का जन्म प्रयागराज के आनंद भवन में हुआ था। आनंद भवन से ही पंडित जवाहरलाल नेहरू ने महात्मा गांधी के साथ मिलकर देश की आजादी के लिए अनेक आंदोलनों में भाग लिया था। प्रधानमंत्री बनने के बाद इंदिरा गांधी ने देश के चहुंमुखी विकास के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण और बीस सूत्रीय कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 के भारत.पाकिस्तान युद्ध में इंदिरा गांधी के नेतृत्व ने भारत की सैन्य शक्ति और सामथ्र्य को पूरी दुनिया के सामने स्थापित किया।
इस युद्ध में पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आज भी विश्वभर में याद की जाती है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी सभी धर्मों और समुदायों का समान रूप से सम्मान करती थीं। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी के प्रति उनका दृष्टिकोण समान था। ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। शहादत से पहले ओडिशा में दिए गए उनके संबोधन में देश के लिए समर्पण की भावना स्पष्ट झलकती है। उन्होंने कहा था कि देश की एकता और अखंडता के लिए उनके खून का एक-एक कतरा काम आएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी महान अंतरराष्ट्रीय महिला नेत्री की जयंती पर उन्हें याद करना हमारा दायित्व है। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लेना चाहिए।