भैयादूज आज…मंडी में खूब बिका पान , बहनें आज भाईयों को खिलाएंगी

छोटी काशी में पर्व पर जमकर की खरीददारी; बाजारों में छाई रौनक, 20 रुपए में बिक रहा एक पान
कार्यालय संवाददाता-मंडी
छोटी काशी मंडी में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। इस पर्व पर जहां बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, वहीं मंडी में भाई दूज का उत्सव पान के बिना अधूरा माना जाता है। यहां सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार बहनें तिलक लगाने के बाद अपने भाइयों को पान और सुपारी खिलाती हैं। यही वजह है कि भाई दूज के आगमन के साथ ही छोटी काशी के बाजारों में पान की विशेष महक फैलने लगती है। इस बार भी मंडी शहर में भाई दूज को लेकर बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। चौहटा बाजार, गांधी चौक, इंदिरा मार्केट के समीप तथा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर पान की दुकानें विशेष रूप से सजाई गई हैं। इन दुकानों पर पर्व से एक दिन पहले ही खरीददारी का सिलसिला तेज हो गया और बहनों ने अपने भाइयों के लिए पान की जमकर खरीदारी की।

मंगलवार को सुबह से ही बहनें पान खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंचने लगी थीं। दिनभर दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही और देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए पहले से ही पान की पर्याप्त व्यवस्था की थी। दुकानदारों के अनुसार भाई दूज से एक दिन पहले ही मंडी शहर में हजारों पान की बिक्री हुई है। कई बहनें अपने भाइयों की संख्या के अनुसार पान खरीदती नजर आईं, तो कुछ ने पूजा की थाली के लिए अतिरिक्त पान भी खरीदे। इस बार भाई दूज का त्योहार 11 अक्टूबर को शुभ तिलक लगाने का शुभारंभ दोपहर 1:25 से 2:50 तक मनाया जा रहा है। जिसके चलते मंडी शहर की दुकानों में इस पर्व से एक दिन पहले हजारों पान की बिक्री हुई है और एक पान की कीमत
20 रुपए है।

एचआरटीसी बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा
मंडी-भाई दूज के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में मातृ शक्ति को विशेष सौगात मिलेगी। पर्व के अवसर पर महिलाओं को सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक एचआरटीसी की बसों में नि:शुल्क यात्रा करने की सुविधा प्रदान की जाएगी।