राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खास जगह बनाने की ओर अग्रसर
निजी संवाददाता-भुंतर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जल्लूग्रां के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिला कुल्लू का नाम रोशन किया है। स्कूल की टीम ने प्रदेश के 11 जिलों के बीच आयोजित राज्य स्तरीय एनपीईपी रोल प्ले प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही अब विजेता टीम राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। यह प्रतियोगिता 17 नवंबर को एससीईआरटी सोलन में आयोजित की गई, जिसमें स्कूल की टीम ने जिला कुल्लू का प्रतिनिधित्व किया।
विद्यार्थियों ने , मेरा बॉडी, मेरा हक, विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति सुरक्षा एवं संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित रही। एनसीईआरटी की थीम-10 के तहत विद्यार्थियों ने अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया। बच्चों को किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना डर के अभिभावकों और विश्वसनीय व्यक्तियों से मदद मांगने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के अभिनय और प्रस्तुति को निर्णायक मंडल ने खूब सराहा और टीम को सम्मानित किया।