जेपी नड्डा ने विजयपुर में मनाई दिवाली

दीपावली मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, त्योहार मना दिल्ली हुए रवाना

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बिलासपुर स्थित विजयपुर आवास पर दीपावली के पावन उपलक्ष्य पर भव्य ष्दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सात और आठ नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में अपार जनसमूह उमड़ा, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। सदर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले तथा आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में लोग अपने लोकप्रिय नेता को प्रकाश पर्व की बधाई देने पहुंचे। सुबह से लेकर देर रात तक विजयपुर आवास परिसर में आगंतुकों की लंबी कतारें लगी रहीं। आम जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में केंद्रीय मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मिलने व उन्हें शुभकामनाएं देने को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखा गया।


जेपी नड्डा ने भी सभी अतिथियों से पूरी आत्मीयता व सहृदयता के साथ मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम पूछा और सभी को सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएं दीं। इस पावन अवसर पर सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल, झंडूता के विधायक जेआर कटवाल तथा घुमारवीं के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, मीडिया सह प्रभारी सुदेश ठाकुर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों और भारी संख्या में मातृशक्ति ने कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी आगंतुकों के लिए जलपान, पारंपरिक पहाड़ी मिठाइयों, चाय-कॉफी तथा सुरुचिपूर्ण भोजन की पुख्ता और व्यवस्थित व्यवस्था की गई थी।