विधायक कटवाल ने विधानसभा में सरकार पर साधा निशाना
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में कदम-कदम पर भ्रष्टाचार हुआ है। जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए अब संविधान, वोट चोरी और एसआईआर जैसे मुद्दों को उछाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता में सरकार के खिलाफ भारी रोष है और आगामी चुनाव में कांग्रेस की सत्ता में वापसी मुश्किल होगी। विधानसभा में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव के पक्ष में चर्चा करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न मदों के बजट को दूसरे कार्यों में खर्च किया है। यहां तक कि केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि को भी वेतन और पेंशन के भुगतान सहित अन्य कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े ठेकेदारों को करोड़ों रुपये का भुगतान किया जा रहा है, जबकि छोटे ठेकेदार भुगतान के इंतजार में परेशान हैं। आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों के प्रभावितों को राहत देने के बजाय चहेतों को पैसा बांटने और बैकवर्ड एरिया का बजट खत्म करने के भी आरोप लगाए। कटवाल ने कहा कि सरकार विधायकों की विधायक निधि और ऐच्छिक निधि पर भी आए दिन मनमाने तरीके से रोक लगा देती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विकास कार्यों के लिए निर्धारित धनराशि का इस्तेमाल ही नहीं हो रहा और बजट को दूसरे मदों में लगाया जा रहा है तो इसे किस तरह देखा जाना चाहिए। विधायक ने झंडूता विधानसभा क्षेत्र के मुद्दे उठाए गए।
दस्तावेजों पर सवालों से बच रही सरकार
बिलासपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता रणधीर शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर उठाए जा रहे सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय मुद्दों को भटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार गंभीर सवालों का जवाब देने से बच रही है, जबकि विधानसभा में प्रस्तुत आधिकारिक दस्तावेज, विभागीय रिकॉर्ड और सरकारी बैठकों में लिए गए निर्णय स्वयं सरकार की कार्यप्रणाली को उजागर कर रहे हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी केवल सरकार से सवाल पूछने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के धन और प्रदेश के हितों की रक्षा करना भी उसका दायित्व है। भाजपा इसी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सरकार के सामने तथ्यों के साथ सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि जब सवाल सरकारी दस्तावेजों और रिकॉर्ड पर आधारित हों तो सरकार को उनका जवाब देना चाहिए, न कि विषय को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास करना चाहिए।
इंद्रदत लखनपाल ने भी रखा अपना पक्ष
बड़सर । बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने मानसून एवं शीतकालीन सत्र के दौरान क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओंकृपेयजलए सिंचाई बोरवेल और सडक़ों की टारिंगकृसे जुड़े अहम मुद्दे विधानसभा में प्रमुखता से उठाए। 19 नवंबर को सरकार द्वारा सदन के पटल पर रखे गए जवाबों ने क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। विधायक लखनपाल ने कहा कि वह जनहित के मुद्दों को हमेशा से उठाते आए हैं और आगे भी बड़सर की जनता की समस्याओं के निवारण के लिए प्रयासरत रहेंगे। जल शक्ति विभाग तारांकित प्रश्न संख्या 4905 के उत्तर में उप मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि गर्मियों में समताना, भैल, सोहारी, कठियाना, कुल्हेड़ा, बड़ा गांव, धबीरी, धंगोटा, सठवीं, ददवीं, समैला और महारल सहित कई क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न होता है। इसके स्थायी समाधान के लिए गोविंद सागर झील से न्यू डेवलपमेंट बैंक के माध्यम से 137.57 करोड़ की पेयजल योजना निर्माणाधीन है, जिस पर 124.25 करोड़ खर्च कर 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।