घुमारवीं को जाम से बचाने कीे तैयारी … ओवरटेकिंग बंद, गाडिय़ों के रूट बदलेंगे

आज से सोमवार तक रहेगी विशेष व्यवस्था; तीन दिन बदले रहेंगे रूट, सरकाघाट-जाहू जाने वाली गाडिय़ां पनोह-टकरेड़ा से निकलेंगी
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
त्योहारी सीजन में घुमारवीं बाजार को जाम से बचाने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यह प्लान शनिवार सात नवंबर से सोमवार नौ नवंबर तक तीन दिन लागू रहेगा। इस दौरान यातायात के दबाव के अनुसार वाहनों के रूट बदले जाएंगे। सरकाघाट, जाहू और कुठेड़ा जाने वाले वाहनों को भगेड़ फोरलेन से पनोह और टकरेड़ा होकर भेजा जाएगा, जबकि हमीरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किया गया है। भगेड़ से घुमारवीं और निहारी बाजार तक ओवरटेकिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पडऩे पर ट्रैफिक प्लान की अवधि बढ़ाई जा सकती है। ट्रैफिक प्लान के तहत हमीरपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को निहारी से बरठीं, पनौल और भगेड़ के रास्ते डायवट किया जाएगा।

वहीं, हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव अधिक होने पर उन्हें भगेड़, पनौल, सुन्हाणी, बरठीं और निहारी के रास्ते भेजा जाएगा। सडक़ किनारे या अन्य अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़े करने पर प्रतिबंध रहेगा। सभी वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने होंगे। नियमों और निर्धारित डायवर्जन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी चालान किए जाएंगे। दरअसल, त्योहारी सीजन में घुमारवीं शहर में वाहनों की आवाजाही बढऩे से यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार वाहन रेंग-रेंग कर चलते हैं और महज 10 मिनट का सफर तय करने में एक घंटे तक का समय लग जाता है। इसी समस्या से निपटने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस ने यह विशेष व्यवस्था बनाई है।

जरूरत पड़ी तो बढ़ाई जाएगी अवधि
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि त्योहारी सीजन में शहर में वाहनों की आवाजाही बढऩे से जाम की स्थिति न बने, इसके लिए शनिवार से सोमवार तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के बाद जरूरत पडऩे पर इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है। वाहन चालक निर्धारित रूट का पालन कर, ओवरटेकिंग और अनधिकृत पार्किंग से बचें। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


जान लें, किस रूट से गुजरेंगे वाहन:
सरकाघाट-जाहू-कुठेड़ा जाने वाले वाहन: भगेड़ फोरलेन से पनोह और टकरेड़ा होकर जाएंगे।
हमीरपुर से आने वाले भारी वाहन: निहारी से बरठीं, पनौल और भगेड़ होकर डायवर्ट होंगे।
हमीरपुर जाने वाले वाहन: यातायात दबाव बढऩे पर भगेड़, पनौल, सुन्हाणी, बरठीं और निहारी से भेजे जाएंगे।
ओवरटेकिंग पर रोक: भगेड़ से घुमारवीं और निहारी बाजार तक ओवरटेकिंग प्रतिबंधित रहेगी।
पार्किंग: वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े होंगे।
अवधि: शनिवार से सोमवार तक तीन दिन जरूरत पडऩे पर बढ़ाई जा सकती है।