विभाग ने कनेक्शन काटने की दी चेतावनी, समय पर बिल जमा न करवाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला संवाददाता-कुल्लू
बिजली का इस्तेमाल करने के बाद बिल जमा करवाने में लापरवाही बरत रहे उपभोक्ताओं पर अब विद्युत बोर्ड सख्ती करने की तैयारी में है। विद्युत उपमंडल भुंतर के तहत बिजली उपभोक्ताओं पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की बकाया राशि जमा हो गई है। इतनी बड़ी रकम लंबित होने से विद्युत बोर्ड की चिंता बढ़ गई है। विभाग ने बकायादार उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द बिल जमा करवाने की हिदायत दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वालों के बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं। विद्युत उपमंडल भुंतर के सहायक अभियंता अमन कुमार ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं पर करीब 1.5 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। विभाग की ओर से संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया बिलों के भुगतान के लिए नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिल जमा नहीं करवाए हैं, वे बिना किसी देरी के भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिजली की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के लिए उपभोक्ताओं का समय पर बिल जमा करवाना जरूरी है।
लंबे समय तक बिलों का भुगतान नहीं करना विभागीय व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। ऐसे में उपभोक्ता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बकाया राशि जल्द जमा करवाएं। विभाग ने चेतावनी दी है कि भुगतान में लगातार लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी और बिजली कनेक्शन काटने की नौबत भी आ सकती है। कनेक्शन कटने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित उपभोक्ता की होगी। सहायक अभियंता ने स्मार्ट मीटर लगे उपभोक्ताओं से भी विशेष अपील की है। ऐसे उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर की जांच करवाएं और यदि नंबर गलत या पुराना है तो उसे तुरंत अपडेट करवाएं। इसके लिए विद्युत उपमंडल कार्यालय भुंतर में संपर्क किया जा सकता है।
अपडेट न आने पर तुरंत करवाएं मोबाइल नंबर की जांच
सहायक अभियंता ने स्मार्ट मीटर लगे उपभोक्ताओं से भी विशेष अपील की है। उन्होंने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं को उनके वर्तमान मोबाइल नंबर पर बिजली बिल प्राप्त नहीं हो रहे हैं। ऐसे उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर की जांच करवाएं और यदि नंबर गलत या पुराना है तो उसे तुरंत अपडेट करवाएं। इसके लिए विद्युत उपमंडल कार्यालय भुंतर में संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सही और चालू मोबाइल नंबर विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज होने से उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल की सूचना मिल सकेगी और भुगतान में अनावश्यक देरी से बचा जा सकेगा। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बिलों का समय पर भुगतान करेंए ताकि बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहे और कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।