क्रिकेट कार्निवल सीजन-4 का खिताब नूरपुर के नाम

कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
नूरपुर क्रिकेट कार्निवल सीजन-4 का रोमांचक फाइनल मुकाबला शानदार खेल प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में नूरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि वासा वजीरा की टीम उपविजेता रही। रंजीत बख्शी जनकल्याण फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता की विजेता नूरपुर टीम को 42 हजार रुपए तथा उपविजेता वासा वजीरा की टीम को 31 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज रहने वाले खिलाड़ी को एलईडी टीवी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टॉप-8 टीमों को भी नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इस क्रिकेट कार्निवल की सबसे खास बात यह रही कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं के रोजगार का भी विशेष ध्यान रखा गया। इसके तहत विजेता टीम के दो खिलाडिय़ों और उपविजेता टीम के एक खिलाड़ी को फार्मा कंपनी में रोजगार उपलब्ध करवाने की घोषणा की गई। आयोजन के सफल समापन पर अकिल बख्शी का विशेष आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आयोजकों ने घोषणा की कि क्रिकेट कार्निवल के आगामी सीजन-5 में पुरस्कार राशि को और बढ़ाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में रंजीत बख्शी जनकल्याण फाउंडेशन की पूरी टीम का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद आयोजन से जुड़े सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न करवाया। आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, खिलाडिय़ों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। नूरपुर क्रिकेट कार्निवल का यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहाए बल्कि इसने खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने और युवाओं को रोजगार से जोडऩे की एक सराहनीय पहल भी प्रस्तुत की।