जाहू और तरक्वाड़ी बाजार में एसडीएम की रेड से दुकानदारों में मचा हडक़ंप
निजी संवाददाता – जाहू
दीपावली के पर्व के दौरान भोरंज उपमंडल के भीड़भाड़ वाले बाजारों में आग और अन्य दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कड़ी नजर रखी जा रही है। एसडीएम शशिपाल शर्मा और जाहू के नायब तहसीलदार रवि कुमार ने शुक्रवार को जाहू बाजार की दुकानों, विशेषकर, पटाखों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को पटाखों का भंडारण एवं बिक्री केवल चिह्नित स्थानों पर ही करने और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री न करने के निर्देश दिए।
चेतावनी दी
एसडीएम ने दुकानों के बाहर सडक़ पर सामान रखने वाले व्यापारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे सडक़ों का अतिक्रमण करके लोगों तथा आवश्यक एवं एमरजेंसी सेवाओं के वाहनों की आवाजाही में बाधा न डालें।
तहसीलदार के बोल
उधर, भोरंज के तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने भी तरक्वाड़ी बाजार में दुकानों का निरीक्षण किया तथा दुकानदारों को प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना की अपील की।