करोड़ों का कारोबार; सोना-चांदी, बरतन, इलेक्ट्रॉनिक्स और गाडिय़ों की खूब हुई बिक्री, देर रात तक उमड़ी भीड़
स्टाफ रिपोर्टर — बिलासपुर
धनतेरस के पर्व पर जिला बिलासपुर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से बाजारों में खरीदारी का दौर चलता रहा। सराफा, बरतन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, मिठाई और सजावटी सामान सहित लगभग हर कारोबार में रौनक देखने को मिली। ग्राहकों की भारी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। बिलासपुर शहर की मेन मार्केट, लक्ष्मी नारायण मंदिर रोड, चंगर सेक्टर सहित घुमारवीं, शाहतलाई, बरठीं और अन्य कस्बों के बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। कई दुकानों के बाहर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं, जबकि भीड़ को संभालने के लिए दुकानदारों को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े शोरूम संचालकों तक को त्योहार का अच्छा लाभ मिला। धनतेरस पर सबसे ज्यादा रौनक सराफा बाजार में देखने को मिली। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों की खूब खरीदारी हुई। पारंपरिक गहनों के अलावा हल्के वजन की ज्वेलरी ग्राहकों की पहली पसंद बनी रही। महिलाओं ने झुमके, कंगन, हार और अन्य आभूषण खरीदे। वहीं शगुन के तौर पर लक्ष्मी-गणेश अंकित सोने-चांदी के सिक्कों की भी अच्छी मांग रही। दूसरी ओर बर्तन बाजार में भी खूब बिक्री हुई।
स्टील के डिनर सेट, थाली, कटोरी, प्रेशर कुकर और किचन के अन्य सामान के साथ तांबे और पीतल के बरतनों को भी ग्राहकों ने पसंद किया। कई दुकानदारों ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए दुकानों के बाहर अतिरिक्त काउंटर लगाए। धनतेरस पर वाहन खरीदने की परंपरा के चलते ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खूब कारोबार हुआ। दोपहिया वाहनों से लेकर कारों तक की खरीदारी के लिए लोग शोरूम पहुंचे। कई ग्राहकों ने धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर वाहन घर ले जाने के लिए पहले ही बुकिंग करवा रखी थी। शोरूम में नई गाडिय़ों की डिलीवरी का सिलसिला चलता रहा। बाइकए स्कूटी और कारों की मांग ने वाहन कारोबारियों को भी राहत दी। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, माइक्रोवेव और अन्य घरेलू उपकरणों की खरीदारी हुई। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ रही। कुल मिलाकर धनतेरस ने बिलासपुर के कारोबार को नई रफ्तार दी। बाजारों में उमड़ी भीड़ और हर क्षेत्र में हुई खरीदारी से व्यापारियों को दीपावली से पहले अच्छी कमाई की उम्मीद जगी है।