आईजीएमसी में एक साल में 6.94 लाख मरीजों को ओपीडी सुविधा

181 रोबोटिक सर्जरी और 750 पीईटी स्कैन किए; हिमकेयर में 312 करोड़ और आयुष्मान योजना में 125 करोड़ रुपए खर्च
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आईजीएमसी ने बीते एक वर्ष के दौरान चिकित्सा सेवाओं और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। अस्पताल में जहां करीब 6.94 लाख मरीजों को ओपीडी के माध्यम से उपचार की सुविधा प्रदान की गई, वहीं 37 हजार के करीब मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया। इसके अलावा अस्पताल में पैट स्कैन और रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। इन सुविधाओं से प्रदेश के मरीजों को अब कई जटिल बीमारियों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान पीडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि आईजीएमसी में स्पाइना बिफिडा को लेकर 14 नवंबर को सीएमई कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्पाइना बिफिडा फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित होगा। मंगलवार को आईजीएमसी में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. राहुल राव ने अस्पताल की सालभर की उपलब्धियों और मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान डिप्टी चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रवीण एस. भाटिया, पीडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ राजकुमार ठाकुर और डा. कमल कांत भी मौजूद रहे। डा. राहुल राव ने बताया कि आईजीएमसी प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां करीब 1100 बेड की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल में 17 ओपीडी नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। इसके अलावा चमियाणा स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आठ सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्वतंत्र रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कुछ विभाग ऐसे भी हैं, जो आईजीएमसी और चमियाणा दोनों जगह मरीजों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इनमें एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी विभाग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से दोनों संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया गया है। अस्पताल में आधुनिक तकनीक और नई चिकित्सा मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है। एक सितंबर 2025 से अब तक आईजीएमसी में करीब 6 लाख 94 हजार मरीजों को ओपीडी सेवाएं दी गई हैं, जबकि लगभग 37 हजार मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया है।

पैट स्कैन-रोबोटिक सर्जरी से उपचार को मिली नई दिशा
डा. राहुल राव ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आईजीएमसी में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी में अप्रैल महीने में अस्पताल में पैट स्कैन की सुविधा शुरू की गई। यह सुविधा पहले मुख्य रूप से निजी अस्पतालों और बड़े चिकित्सा केंद्रों में उपलब्ध थी। आईजीएमसी में पीईटी स्कैन के लिए मरीजों से करीब 10 हजार रुपये शुल्क लिया जा रहा है, जबकि निजी केंद्रों में इसके लिए 15 हजार से 25 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। अस्पताल में अब तक करीब 750 मरीज इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। इसी तरह 11 मार्च को आईजीएमसी में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब तक कुल 181 सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। इनमें जनरल सर्जरी विभाग ने 87, गायनी विभाग ने 75 और पीडियाट्रिक विभाग ने 19 रोबोटिक सर्जरी की हैं। रोबोटिक तकनीक से जटिल ऑपरेशन अधिक सटीकता के साथ करने में मदद मिल रही है। इससे प्रदेश के मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही आधुनिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही है।


हिमकेयर से 1.46 लाख और आयुष्मान से 66 हजार मरीजों को लाभ
प्रेसवार्ता में अस्पताल में आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजनाओं के तहत मरीजों को दिए जा रहे उपचार का ब्योरा भी साझा किया गया। डॉ राहुल राव ने बताया कि हिमकेयर योजना के तहत अब तक करीब 1 लाख 46 हजार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा चुका है। इस योजना के तहत सरकार की ओर से अब तक 312 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि करीब 70 करोड़ रुपये की भुगतान राशि लंबित है। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 66 हजार 330 लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। इस योजना के अंतर्गत सरकार की ओर से करीब 125 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। आयुष्मान योजना में करीब 33 करोड़ रुपये की पेंडेंसी है। इन स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद और पात्र मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।