घुमारवीं बाजार में ओवरटेकिंग पर लगेगी लगाम

त्योहारी सीजन में बढ़ते ट्रैफिक दबाव से निपटने के लिए पुलिस ने लगाए कैंची बैरिकेड
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
त्योहारी सीजन में घुमारवीं बाजार में वाहनों की बढ़ती आवाजाही के बीच अब मनमर्जी से ओवरटेक करना आसान नहीं होगा। बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत शहर के बाजार क्षेत्र में कैंची बैरिकेड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालक अपनी निर्धारित लेन में ही चलें और दूसरे वाहनों को गलत तरीके से ओवरटेक न कर सकें।
ट्रैफिक व्यवस्था पर गुरुवार को बैठक
त्योहारी सीजन में घुमारवीं शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और बाजार में जाम की समस्या से निपटने के लिए गुरुवार को बैठक आयोजित की जाएगी। एसडीएम अभिषेक बरवाल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक प्रबंधों पर चर्चा की जाएगी। त्योहारों के दौरान बाजार में यातायात नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जाएगा।