पंचायत प्रतिनिधियों को पढ़ाया कानून

लाहुल-स्पीति में प्रधानों और उप-प्रधानों को सीख, जिम्मेदारी को सही तरीके से निभाएं

जिला संवाददाता-केलांग
जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को कानूनों और उनके प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। गुरुवार को जिला परिषद भवन केलांग में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी देते हुए उनकी सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारियों से भी अवगत करवाया। पंचायती राज विभाग की ओर से निर्धारित विषय के तहत आयोजित इस व्याख्यान में जिला पुलिस के अधिकारियों ने एनडीपीएस अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम और दहेज निषेध अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन कानूनों का उद्देश्य समाज के कमजोर और संवेदनशील वर्गों को सुरक्षा प्रदान करना, अपराधों पर अंकुश लगाना तथा पीडि़तों को न्याय दिलाना है। पंचायत प्रतिनिधियों को इन कानूनों के तहत आने वाले प्रावधानों, अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर सकें और किसी भी तरह के अपराध या सामाजिक कुरीति के खिलाफ उचित कदम उठाने में सहयोग दे सकें। व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को कानून के प्रति जागरूक बनाकर गांव स्तर पर सुरक्षित और जिम्मेदार समाज की नींव मजबूत करना रहा।