भरेड़ी बाजार बना जाम का अड्डा, त्योहारी सीजन में बढ़ी लोगों की मुसीबतें
निजी संवाददाता – भोरंज
भरेड़ी बाजार में त्योहारी सीजन के चलते यातायात की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। बाजार में लगातार दूसरे दिन भी भारी जाम लगने से आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि बाजार से गुजरने वाले वाहन करीब आधे घंटे तक रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। जाम के कारण लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग गया। गोवर्धन पूजा की छुट्टी के दिन भी भरेड़ी बाजार में जाम की स्थिति बनी हुई थी। दूसरे दिन भी यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
त्योहारी सीजन के चलते बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों और वाहनों की संख्या बढ़ रही है। इसके चलते बाजार की सडक़ पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जाम के कारण जहां वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं बाजार में आने-जाने वाले स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आधे घंटे तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रहने से लोगों के जरूरी काम भी प्रभावित हुए।
विशेष प्रबंध करें
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में भरेड़ी बाजार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से ही विशेष प्रबंध किए जाने चाहिए। जब बाजार में भीड़ और वाहनों की संख्या बढऩे की संभावना रहती है, तो ऐसे समय में यातायात को नियंत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था होना
जरूरी है।
प्रशासन से उठाई मांग
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार के व्यस्त समय में यातायात कर्मियों की तैनाती की जाए, साथ ही बाजार में अनावश्यक रूप से वाहनों के खड़े होने पर भी नियंत्रण रखा जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।