सडक़ किनारे फैली गंदगी से बढ़ रही परेशानी, लोगों ने नगर निगम से सफाई की उठाई मांग
निजी संवाददाता-सोलन
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों के बीच शामती बाईपास पर जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। सडक़ के किनारे फैली गंदगी के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से इस मार्ग पर भी नियमित सफाई करवाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शामती बाईपास शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा पैदल चलने वाले लोग भी इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सडक़ किनारे जगह-जगह कूड़ा जमा होना न केवल आसपास के वातावरण को प्रभावित कर रहा है, बल्कि लोगों के लिए भी असुविधा का कारण बन रहा है। लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर सफाई अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन शामती बाईपास की ओर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
सडक़ किनारे पड़े कूड़े के कारण बदबू फैलने की आशंका बनी रहती है। वहीं, खुले में बिखरा कचरा आसपास के क्षेत्र की सुंदरता को भी प्रभावित कर रहा है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य कार्यों के लिए लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में साफ-सफाई का उचित प्रबंध होना जरूरी है। लोगों का मानना है कि यदि समय पर कूड़े का उठान किया जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित हो तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि शामती बाईपास को भी सफाई अभियान में शामिल किया जाए। सडक़ किनारे जमा कूड़े को जल्द हटाने के साथ यहां नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो और क्षेत्र का वातावरण भी स्वच्छ बना रहे।