नाल्टी पुल के पास गड्ढों की भरमार

नेशनल हाईवे-154 पर दो हफ्ते में दस हादसे, लोगों ने जल्द मरम्मत का किया आग्रह
निजी संवाददाता -सुलाह
नेशनल हाईवे-154 पर नाल्टी पुल के पास मुख्य सडक़ मार्ग पर चौक के पास उभरे बड़े-बड़े गड्ढे हर पल हादसे को न्योता दे रहे हैं। इस छोटे से स्पॉट पर रोजाना हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दो हफ्तों में यहां 10 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कभी बाइक सवार गड्ढे में गिरकर घायल हो रहा है तो कभी गाड़ी का टायर फटने से बाल-बाल हादसा टल रहा है। लोगों के अनुसार इस स्पॉट पर गड्डों को देख कर गड्डों से अपनी गाड़ी को बचाने के चक्कर में अपने वाहन को विपरीत दिशा में ले जा रहें हैं। जिस कारण सामने से आ रहे वाहन असमंजस में आकर हादसे का शिकार हो रहे हैं ।

लेकिन एनएचएआई विभाग इस स्पॉट की मरम्मत में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है, मानो उन्हें किसी की जान की कोई परवाह ही न हो। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने कड़ा विरोध प्रकट किया है। लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले जब हाईवे पर मरम्मत के लिए टीम आई थीए तब भी उन्होंने उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाया था। लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी विभाग ने इस समस्या का कोई समाधान नहीं किया। इस समस्या को लेकर जब अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल तक नहीं उठाया। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द नाल्टी पुल चौक के पास के गड्ढों को भरे, वरना किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी विभाग की होगी।