17वीं ब्रह्मेत्सव यात्रा को लेकर तैयारियां तेज

अध्यक्ष हरविंदर सिंह और सचिव नीरज अश्वनी ने बैठक में बांटी जिम्मेदारियां
कार्यालय संवाददाता -पांवटा साहिब
पांवटा साहिब शहर में आगामी 28 नवंबर को आयोजित होने वाली 17वीं ब्रह्मेत्सव यात्रा को लेकर जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट समिति ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस भव्य धार्मिक आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए समिति की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंदर सिंह ने की। बैठक के दौरान सचिव नीरज अश्वनी ने यात्रा के सफल संचालन के लिए विस्तृत योजना प्रस्तुत की। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्यों के बीच विभिन्न कार्यों का बंटवारा किया गया और महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई। अध्यक्ष हरविंदर सिंह ने कहा कि इस वर्ष की यात्रा को और भी अधिक भक्ति भाव और श्रद्धा के साथ संपन्न करने के लिए सभी सदस्य उत्साहित हैं।

समिति के अनुसार यह पावन यात्रा 28 नवंबर शनिवार को सुबह 10 बजे शिव मंदिर बद्रीपुर से भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा जी महाराज की पावन कृपा के साथ शुरू होगी। यात्रा मार्ग शिव मंदिर से अग्रसेन चौक, बाजार और गीता भवन होते हुए विश्वकर्मा मंदिर तक तय किया गया है। यात्रा का समापन विश्वकर्मा मंदिर में एक विशाल भंडारे के साथ होगा। जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस पावन यात्रा में बढ़-चढक़र शामिल होने और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बनने की अपील की है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहयोग के लिए श्रद्धालु संस्था को संपर्क कर सकते हैं।