चांदी कूट रहे प्राइवेट बस ऑपरेटर, हमीरपुर-झाकड़ी नॉन स्टॉप बस पिछले एक माह से बंद, यात्रियों को सफर में दिक्कतें

त्योहारी सीजन में हमीरपुर-झाकड़ी नॉन स्टॉप बस पिछले एक माह से बंद, यात्रियों को सफर में दिक्कतें

कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर

हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर डिपो की नॉन स्टॉप बस झाकड़ी-हमीरपुर पिछले एक माह से बंद पड़ी हुई है। ऐसे में यात्रियों को नॉन स्टॉप बस सुविधा का लाभ पिछले लंबे समय से नहीं मिल पा रहा है। यात्रियों ने निगम प्रबंधन से गुहार लगाई है कि बस को रूटीन में रूट पर चलाया जाए,ताकि वह निगम की सुविधा का लाभ उठा सकें। बता दें कि रामपुर डिपो की झाकड़ी-हमीरपुर नॉन स्टॉप बस पिछले एक माह से रोडऑफ हो चुकी है, जोकि आज तक बहाल नहीं हो पाई है। यही नहीं त्योहारी सीजन में भी बस को रूट पर नहीं भेजा जा रहा है। ऐसे में नॉन स्टॉप बस के न चलने से प्राइवेट बस ऑपरेटरों की मौज लगी हुई है। क्योंकि एचआरटीसी बस के यात्रियों को मजबूरन प्राइवेट बसों में ही सफर करना पड़ रहा है। निगम की यह नॉन स्टॉप बस काफी कम समय में लोगों को झाकड़ी से हमीरपुर पहुंचाती थी। इसमें ज्यादातर सरकारी कर्मचारी ही सफर करते थे।


बस में यात्रियों की संख्यां का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता था कि बस यात्रियों से खचाखच भरी रहती थी। कई बार यात्रियों को खड़े-खड़े ही हमीरपुर तक पहुंचना पड़ता था। योंकि यह रूट भी वर्षों पुराना बस रूट है। इसमें कई यात्री परमानेंट सफर करते हैं। सूत्रों की मानें तो निगम प्रबंधन टायरों की कमी का हवाला देकर अपना पला झाड़ रहा है। हालांकि यात्रियों ने निगम प्रबंधन से दोबारा गुहार लगाई है कि उक्त रूट को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि वह पहले की तरह निगम की बस में सफर कर सकें। क्योंकि प्राइवेट बस में सफर में ज्यादा समय लगता है। यही वजह है कि यात्री निगम की हमीरपुर-झाकड़ी बस में ही ज्यादातर सफर करने को तबज्जो देते थे। एचआरटीसी बस के यात्रियों को मजबूरन प्राइवेट बसों में ही सफर करना पड़ रहा है।

चिंतपूर्णी-सराहन रूट भी हुआ बहाल

रामपुर डिपो का चिंतपूर्णी-सराहन रूट भी पिछले तीन-चार दिनों से बंद पड़ा हुआ था, जोकि दोबारा बहाल कर दिया है। ऐसे में यात्रियों ने राहत की सांस ली है। क्योंकि यह रूट भी वर्षों पुराना बस रूट है। इसमें कई यात्री परमानेंट सफर करते हैं। बस के रूट को बंद करने से यात्रियों की भी मुश्किलें बढ़ गई थी। उन्हें प्राइवेट बसों के जरिए ही सराहन तक पहुंचना पड़ रहा था। सोमवार से चिंतपूर्णी-सराहन बस पहले की तरह रूट पर दौडऩा शुरू हो गई है।