रोटरी क्लब ने बुजुर्गों संग मनाई दिवाली

वृद्धाश्रम को भेंट कीं 20 कुर्सियां, बुजुर्गों के साथ बैठकर किया सामूहिक भोजन

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
रोटरी क्लब पांवटा साहिब ने दीपावली और धनतेरस के उपलक्ष्य में पांवटा वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन यशपाल धीमान के नेतृत्व में सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान सभी ने सामूहिक भोजन किया और बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। क्लब की ओर से बुजुर्गों को मिठाइयां वितरित की गईं।

रोटेरियन प्रशांत आर्य के सौजन्य से वृद्धाश्रम के सभी निवासियों को सर्दियों से बचाव के लिए स्वेटर भेंट किए गए, जबकि रोटेरियन डा. नरिंदर पाल सिंह नारंग ने आश्रम को 20 कुर्सियां प्रदान कीं। क्लब अध्यक्ष यशपाल धीमान ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें प्रेम, सम्मान व सुरक्षा देना सभी का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने भविष्य में भी वृद्धाश्रम को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। वृद्धाश्रम संचालक पवन बोहरा ने क्लब सदस्यों का आभार जताया। कार्यक्रम में शांति स्वरूप गुप्ता, कुलवंत सिंह चौधरी, डा. प्रवेश सबलोक, डा. नरिंदर पाल सिंह नारंग, अरुण गोयल, कंवलजीत सिंह चड्ढा, यशपाल धीमान, डा. मनीष शर्मा, मोहिंद्र दत्ता, इंद्रदीप सिंह भाटिया और गौरव खपरा मौजूद रहे।