शिमला के 12 वार्डों में विकास कार्यों पर खर्च होंगे 1.19 करोड़

कहीं बनेंगी स्टील पाॄकग तो कहीं फुटपाथ और रास्ते होंगे दुरुस्त, टूटीकंडी में कुत्तों के लिए बनेगा शेड; नगर निगम ने जारी किए टेंडर

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला के अलग-अलग वार्डों में रहने वाले लोगों को जल्द ही पार्किंग, रास्तों, फुटपाथ और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सौगात मिलने वाली है। नगर निगम ने शहर के विकास को गति देने के लिए करीब 1.19 करोड़ रुपए के 12 नए कार्यों को मंजूरी देते हुए इनके टेंडर जारी कर दिए हैं। इन कार्यों में कहीं स्टील पार्किंग बनाई जाएगी, तो कहीं सार्वजनिक शौचालय और फुटपाथ का निर्माण होगा। खास बात यह है कि टूटीकंडी में कुत्तों के लिए शेड बनाने की योजना भी इस विकास सूची में शामिल की गई है। वहीं, फ्लावरडेल में शहर की एक और स्टील कार पार्किंग तैयार होगी। निगम का लक्ष्य इसी महीने इन कार्यों को शुरू करवाने का है। पार्किंग की समस्या के मद्देनजर नगर निगम ने अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानों पर स्टील पार्किंग विकसित करने की योजना बनाई है। वार्ड नंबर 25 मल्याणा के फ्लावरडेल में इसके लिए 18.97 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसी तरह रुल्दू भट्टा में पांच घरों की लाइन से शंकली तक 8.66 लाख रुपए से स्टील कार पार्किंग बनाई जाएगी।

वार्ड नंबर चार अनाडेल के धोबीघाट में भी 5.73 लाख रुपए से पार्किंग का निर्माण होगा। यहां एज वॉल और सीमेंट कंक्रीट का काम किया जाएगा। नगर निगम की विकास योजनाओं में पशु कल्याण को भी जगह दी गई है। वार्ड नंबर 10 टूटीकंडी में कुत्तों के लिए 16.71 लाख रुपए की लागत से शेड बनाया जाएगा। इसमें सीजीआई शीट की छत, सीमेंट कंक्रीट का फर्श और जालीदार बाड़ लगाई जाएगी। इसके अलावा अपर मशोबरा चौक के पास 16.73 लाख रुपए से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों और यहां आने-जाने वालों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। वार्ड नंबर 14 राम बाजार में लिफ्ट के पास स्थित आजीविका भवन की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। यहां 6.26 लाख रुपए से नया कोलैप्सिबल शटर लगाने, सीढिय़ों में वेंटिलेशन सिस्टम स्थापित करने और रंग-रोगन का काम होगा। भट्टाकुफर में नेरीधार से श्मशानघाट सडक़ के पास खुशी जनरल स्टोर से भंडारी निवास तक 8.60 लाख रुपए से नया रास्ता बनाया जाएगा। इसके अलावा बल्ली कॉटेज रोड से दक्षिण विहार पार्किंग तक आरसीसी नाला बनाया जाएगा।