आठ तरह के नमूने लिए, त्योहारी सीजन के मद्देनजर दी दबिश
निजी संवाददाता-झंडूता
त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने झंडूता बाजार में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पनीर, दूध, मिल्क केक, रसगुल्ले, गुलाबजामुन और पिन्नी सहित कुल आठ खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। टीम की अगुवाई फूड सेफ्टी ऑफिसर खगेंद्र ठाकुर ने की। विभाग की ओर से लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा नियमों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए संबंधित दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होगा। उधर, खाद्य सुरक्षा विभाग सहायक नियंत्रक जगदीश धीमान ने बताया कि विभाग की ओर से बाजारों में लगातार दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। आगामी दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।