76 सीसीटीवी कैमरों के हवाले छोटी काशी की सुरक्षा

मंडी में अरसे से 200 कैमरे खराब, मरम्मत के लिए चाहिए 43 लाख, सरकार और केंद्र को प्रस्ताव भेजेगा नगर निगम

स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
छोटी काशी मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर लगी तीसरी आंख की निगरानी कमजोर पड़ गई है। शहर में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और आपराधिक घटनाओं की जांच में पुलिस की मदद के लिए लगाए गए 276 सीसीटीवी कैमरों में से करीब 200 कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। ऐसे में पूरे शहर की निगरानी महज 76 कैमरों के सहारे हो रही है। सीसीटीवी कैमरों की इतनी बड़ी संख्या में खराबी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार शहर में लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहे हैं, जबकि कुछ कैमरों की तारों को बंदरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके चलते शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी व्यवस्था प्रभावित हुई है। बंद कैमरों के कारण सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना भी मुश्किल हो गया है।

शहर में नशाखोरी, चोरी, मारपीट और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रहती है। किसी भी आपराधिक घटना के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम की जानकारी जुटाने और आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलती है। ऐसे में 200 कैमरों के बंद होने से पुलिस की जांच प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। शहर के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां अब निगरानी का प्रभावी इंतजाम नहीं रह गया है।


नगर निगम मंडी अब शहर की निगरानी व्यवस्था को दोबारा मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है। करीब 200 खराब कैमरों को सुचारू रूप से चालू करने के लिए लगभग 43 लाख रुपए के बजट की आवश्यकता है। नगर निगम की महापौर सुमन ठाकुर ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक मंडी से बातचीत की गई है। बातचीत में सामने आया है कि अधिकतर कैमरे तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं, जबकि कुछ कैमरों की तारें बंदरों ने क्षतिग्रस्त कर दी हैं। ऐसे में मरम्मत की जरूरत है।

सरकार और केंद्र से मांगी जाएगी आर्थिक मदद
नगर निमग की महापौर सुमन ठाकुर ने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजकर सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत और उन्हें दोबारा चालू करने के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार को भी विस्तृत परियोजना तैयार कर भेजी जाएगी, ताकि वहां से भी आर्थिक सहायता मिल सके। नगर निगम की महापौर सुमन ठाकुर ने बताया कि कहा कि निगम का प्रयास है कि शहर की सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को व्यापक स्तर पर दुरुस्त किया जाए।