स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
छोटी दीपावली के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस जोनल अस्पताल मंडी में सफाई एवं सुरक्षा कर्मचारियों के सम्मान में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। व्यवसायी एवं समाजसेवी नीरज हांडा और उनके सहयोगी सालिग्राम राजू ने अस्पताल के करीब 85 से 90 सफाई एवं सुरक्षा कर्मचारियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान सभी कर्मचारियों को मिठाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नीरज हांडा ने कहा कि सफाई एवं सुरक्षा कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं। अस्पताल को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। जब लोग अपने घरों में त्योहार मनाते हैं, उस समय भी ये कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए मरीजों और आम जनता की सेवा में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की मेहनत और सेवाभाव को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। पिछले वर्ष भी इसी उद्देश्य से दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था। इस वर्ष कार्यक्रम को सादगीपूर्ण रखा गया, लेकिन कर्मचारियों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना पहले की तरह बनी रही। नीरज हांडा ने कहा कि दीपावली की असली खुशी केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों और सम्मान का प्रकाश फैलाने में है।