आज घर-घर विराजेंगी मां लक्ष्मी; शाम 5:50 से रात 7:45 बजे तक लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त; बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
रोशनी, खुशियों और उल्लास का पर्व दीपावली रविवार को जिला शिमला में धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्साह का माहौल है। घरों से लेकर बाजारों तक दीपावली की रौनक देखने को मिल रही है। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजा दिया है। रविवार शाम को शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर लोग सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। शिमला में लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:50 बजे से रात 7:45 बजे तक रहेगा।
दीपावली से एक दिन पहले शनिवार को शिमला के बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। दिपावली पर लोअर बाजार, मिडल बाजार, राम बाजार, लक्कड़ बाजार और मालरोड सहित शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। शाम के समय बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही। मिठाइयों, ड्राई फ्रूट, पूजा सामग्री, दीयों, मोमबत्तियों और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ रही। कई दुकानों के बाहर लोग खरीदारी के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। लोगों ने दीपावली के लिए घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटें, झालरें, फूल और अन्य सजावटी सामान खरीदा। वहीं, मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हुई। लोगों ने उपहार और घर सजाने का सामान भी खरीदा। देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। दीपावली मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों की ओर रवाना हुए। बसों में यात्रियों की भीड़ रही, जबकि निजी वाहनों की संख्या बढऩे से शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। कई जगह वाहनों की लंबी कतारों के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।