मिठाइयों के छह सैंपल भरे, मिलावटखोरों में भगदड़

खाद्य सुरक्षा विभाग ने 20 दुकानों का किया निरीक्षण, मिठाइयों में ज्यादा रंग इस्तेमाल न करने के ऑर्डर

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर की टीम ने शहर की 15 से 20 मिठाई एवं फास्ट फूड की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के छह सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान मोमोज, बर्फी, अलसी के लड्डू, मलाई बर्फी, कलाकंद और लड्डू के सैंपल भरे गए। विभागीय टीम ने मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिए कि मिठाइयों में केवल निर्धारित एवं अनुमत खाद्य रंगों का ही इस्तेमाल किया जाए। साथ ही इनका प्रयोग भी तय मानकों के अनुसार बहुत कम मात्रा में किया जाए। वहीं, फास्ट फूड विक्रेताओं को तैयार खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार के रंग का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। खाद्य कारोबारियों को मोनो सोडियम ग्लूटामेट ;एमएसजीद्ध का प्रयोग भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सीमित मात्रा में करने के निर्देश दिए गए।

जरूरी जानकारी दी
सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थ परोसते समय दस्ताने, मास्क और सिर ढकने के लिए हेडगियर पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।


निरीक्षण अभियान लगातार जारी
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनजीत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन के मद्देनजर विभाग का निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों के समाप्त होने तक विभिन्न बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की जाएगी।