फतेहपुर में चिट्टे के साथ तस्कर गिरफ्तार

कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
पुलिस जिला नूरपुर की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत सीआईए नूरपुर की टीम ने फतेहपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति को 11.79 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है। जिला पुलिस नूरपुर के अनुसार सात नवंबर को सीआईए नूरपुर की टीम गश्त एवं नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिलीए जिसके आधार पर टीम ने ब्यास नदी पुल के नजदीक रियाली में उक्त मोटरसाइकिल की जांच की।

तलाशी के दौरान बाइक से 11.79 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान अविनाश कुमार निवासी गांव डडोली, डाकघर गदराना तहसील इंदौरा कांगड़ा के रूप में की है। इस संबंध में पुलिस थाना फतेहपुर में अभियोग संख्या 104/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 एवं 61.85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ कर नशे की खेप के स्रोत तथा इसके आगे और पीछे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, ताकि इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।