सुजानपुर सिविल अस्पताल के बाहर मंडरा रहा हादसे का साया
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
सिविल अस्पताल सुजानपुर के बाहर स्थानांतरित की गई दुकानों के दुकानदार इन दिनों सडक़ पर दौड़ते तेज रफ्तार वाहनों से परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों के ठीक समीप से दोपहिया वाहन और बड़े वाहन तेज गति से गुजरते हैं। ऐसे में हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। दुकानदारों को आशंका है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। गौरतलब है कि सुजानपुर बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों को बाजार से हटाकर सिविल अस्पताल के समीप स्थानांतरित किया गया था। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी दुकानें नई जगह पर स्थापित कर ली हैं, लेकिन अब उनकी सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है। दुकानदारों के अनुसार उनकी दुकानों के पास सीढिय़ां बनी हुई हैं और इसी के समीप सडक़ से वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है।
चिंता का विषय
कुछ वाहन चालक इतनी तेज रफ्तार से गुजरते हैं कि दुकानों पर आने वाले ग्राहकों और वहां काम करने वाले दुकानदारों को हर समय सतर्क रहना पड़ता है। विशेषकर दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार चिंता का विषय बनी हुई है।
स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
अस्पताल के बाहर फालूदा दुकानदार, चिकन दुकानदार और तमाम दूकानदारों ने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि दुकानों और सीढिय़ों के समीप सडक़ के उचित स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाएं।