गांव-गांव अभियान पहुंचाने की रणनीति तय

जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान तेज करने का लिया संकल्प

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
जिला कांग्रेस कमेटी ऊना की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आज विश्राम गृह ऊना में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देशराज गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विकास ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने विशेष रूप से भाग लिया। ैठक में राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े तथा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार के आह्वान पर इस अभियान को गांव-गांव और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 30 नवंबर तक जिले के सभी ब्लॉकों में बूथ कमेटियों के माध्यम से अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, लोकतांत्रिक प्रक्रिया तथा मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं फ्रंटल संगठनों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें। कांग्रेस महासचिव विकास ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को प्रत्येक गांव, पंचायत और बूथ तक पहुंचाने का आह्वान किया।