तीन विधाओं में झटके प्रथम स्थान, एसपीयू मंडी में 200 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यालय संवाददाता-मंडी
सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी में गुरुवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया गया। युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित इस उत्सव में जिले की आठ टीमों के करीब 200 कलाकारों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में हिमाचली लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन जैसी विधाओं में कलाकारों ने हुनर दिखाया। उत्सव में सुनिधि ग्रुप सुंदरनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक तीनों विधाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में एसपीयू के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेताओं को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े रहने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान प्रतिभागियों को चिट्टे के खिलाफ जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
चित्रकला में सुंदरनगर के रत्न लाल प्रथम, जेएनवी पंडोह की दिया द्वितीय और नोबल कालेज की सुलेखा तृतीय रहीं। कविता लेखन में नोबल कॉलेज पंडोह की गीतांजलि प्रथम, भानुप्रिया द्वितीय और जेएनवी पंडोह के हिमांशु शर्मा तृतीय रहे। लोकगीत में सुनिधि ग्रुप सुंदरनगर प्रथम और संगीत सदन द्वितीय रहा। लोकनृत्य में सुनिधि ग्रुप प्रथम और वल्लभ कालेज मंडी द्वितीय स्थान पर रहा। नुक्कड़ नाटक में भी सुनिधि ग्रुप ने पहला और वल्लभ कॉलेज मंडी ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में जगदीश कपूर, राजेश कुमार, डा. सुरेंद्र भारद्वाज, दिनेश गुप्ता और राज कुमार शामिल रहे। इस मौके पर सेवानिवृत्त लोक संपर्क अधिकारी कुलदीप, कॉलेज से प्रो. संतोष, संगीत सदन से ईशा और आईटीआई से प्रवीण विशेष रूप से उपस्थित रहे। युवा सेवा एवं खेल विभाग मंडी की ओर से विक्रम सिंह, लोकेश शर्मा, आशीष शर्मा, कमल किशोर, कमलेश ठाकुर, बलदेव सिंह, चिराग, पूर्ण और नेक राम सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।