सीवरेज सुविधा से संवरेगा टाहलीवाल

24.10 करोड़ रुपए की सीवरेज योजना से पांच हजार लोगों को मिलेगा लाभ, दिक्कत होगी दूर

कार्यालय संवाददाता-टाहलीवाल
औद्योगिक गतिविधियों और शहरी विस्तार के साथ टाहलीवाल में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में निर्णायक पहल की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने हाल ही में 24 करोड़ 10 लाख 44 हजार रुपए की टाहलीवाल टाउन सीवरेज योजना और ती करोड़ 30 लाख 29 हजार रुपए की लागत से पुरानी पेयजल योजना के ऐतिहासिक ढांचे के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ 41 लाख से अधिक खर्च होंगे। योजना से पांच हजार लोगों को लाभ मिलेगा।

वाटर वक्र्स बनेगा म्यूजियम
टाहलीवाल स्थित लाजपत राय वाटर वर्क्स क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था के इतिहास का अहम हिस्सा है। वर्ष 1949 में स्थापित इस वाटर वक्र्स का उद्घाटन 6 दिसंबर, 1949 को तत्कालीन पूर्वी पंजाब के राज्यपाल सर चंदूलाल एम. त्रिवेदी ने किया था। इसके माध्यम से बीत क्षेत्र के 31 गांवों की करीब 20 हजार आबादी को पेयजल उपलब्ध करवाया जाता था।


कारोबार भी बढ़ेगा
नगर पंचायत टाहलीवाल के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश चंद का कहना है कि क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां बढऩे के साथ बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत करना जरूरी है। सीवरेज व्यवस्था बनने से बाजार और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे कारोबारियों के साथ यहां आने वाले लोगों को भी बेहतर वातावरण मिल सकेगा।