तपोवन तपा… भाजपा और पेंशनर्ज ने खोला मोर्चा

शीतकालीन सत्र के चौथे दिन धर्मशाला में गरमाया माहौल, भाजपा ने सरकार को गारंटियों पर घेरा, पेंशनर्स ने जोरावर स्टेडियम के बाहर किया चक्का जाम
नगर संवाददाता- धर्मशाला
तपोवन विधानसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र का चौथा दिन गुरुवार को काफी हलचल भरा रहा। दिन की शुरुआत सामान्य रूप से हुई, लेकिन बाद में प्रदेश की राजनीति से जुड़े दो बड़े मुद्दों को लेकर धर्मशाला में माहौल गरमा गया। एक ओर भाजपा ने कांग्रेस सरकार की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की चुनावी गारंटी को लेकर मोर्चा खोलते हुए विधानसभा परिसर से लेकर जोरावर स्टेडियम तक प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर से पहुंचे पेंशनर्स ने विधानसभा की ओर कूच करते हुए जोरावर स्टेडियम के बाहर चक्का जाम कर दिया। दोनों प्रदर्शनों के चलते धर्मशाला में दिनभर राजनीतिक गतिविधियां और हलचल बनी रही। भाजपा ने महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की चुनावी गारंटी को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। भाजपा की मांग थी कि कांग्रेस ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन करीब चार वर्ष बीतने के बावजूद अधिकांश महिलाएं इस लाभ से वंचित हैं।

भाजपा ने चार वर्षों की अवधि के हिसाब से प्रत्येक महिला के 72 हजार रुपए बनते हुए यह राशि एकमुश्त जारी करने की मांग उठाई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को केवल 1500 रुपए देने की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि महिलाओं को पिछले चार वर्षों की पूरी राशि भी देनी चाहिए। वहीं, इसी मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने भी विधानसभा के बाहर महिला आक्रोश प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदर्शन में शामिल होकर कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन इसका लाभ चुनिंदा महिलाओं तक ही सीमित रह गया है। उन्होंने प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को चार वर्षों के हिसाब से 72 हजार रुपये देने की मांग उठाई। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक पवन काजल, सुधीर शर्मा और विधायक रीना कश्यप सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इसके साथ ही जोरावर स्टेडियम में भी बड़ी संख्या में महिलाएं भाजपा के इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। भाजपा ने चेतावनी दी कि महिलाओं को उनका पूरा हक मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उधर, पेंशनर्स का आंदोलन भी गुरुवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। का आरोप लगाया।