छह चिताओं के साथ राख हो गए छह परिवारों के सुनहरे सपने

लडभड़ोल हादसे ने उजाड़े छह घर, बेटों की अर्थियां देखकर बेसुध हुईं मांएं, पिता भी नहीं रोक पाए आंसू, अंतिम विदाई के मंजर से आंख नम
निजी संवाददाता-लडभड़ोल
कलेजे के टुकड़ों को खोने का दर्द क्या होता है, यह लडभड़ोल सडक़ हादसे में उजड़े छह परिवारों के आंगनों में साफ दिखाई दिया। कहीं मां अपने लाडले की अर्थी के पास बेसुध पड़ी थी तो कहीं पिता अपने सीने में उठे दर्द को आंसुओं के सैलाब के पीछे छिपाने की नाकाम कोशिश कर रहा था। जिन बच्चों को कभी मां ने अपनी गोद में खिलाया, जिनकी उंगली पकडक़र पिता ने चलना सिखाया और जिनके सुनहरे भविष्य के सपने आंखों में सजाए थे, आज उन्हीं को अंतिम विदाई देते समय परिवारों का सब्र टूट गया। कोई दहाड़ें मारकर रो रहा था तो कोई अपने बच्चे का चेहरा निहारते हुए बार-बार उसे पुकार रहा था। श्मशान घाटों में उठती चिताओं से पहले परिजनों के दिलों में दुख की ऐसी आग सुलग रही थी, जिसे देखकर पत्थर दिल इंसान की आंखें भी नम हो जाएं। छह युवाओं की एक साथ अंतिम विदाई का मंजर इतना पीड़ादायक था कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक उठीं। मांओं का विलाप थमने का नाम नहीं ले रहा था। कई माताएं अपनों के कंधों का सहारा लेकर खड़ी थीं तो कुछ बच्चों को खोने के गम में बेसुध हो गईं।

दूसरी ओर पिता भी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। परिवार का मजबूत सहारा माने जाने वाले पिता अपने ही बच्चों की अर्थियों के सामने टूटकर रो पड़े। जिन कंधों पर कभी बच्चों को बिठाकर मेले दिखाए थे, आज उन्हीं कंधों पर उनकी अंतिम विदाई का बोझ था। अंतिम संस्कार के दौरान लडभड़ोल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग श्मशान घाट पहुंचे। हर कोई पीडि़त परिवारों को ढांढस बंधाने और दुख की इस घड़ी में उनका सहारा बनने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अपनों को खोने का दर्द इतना गहरा था कि सांत्वना के शब्द भी छोटे पड़ गए। परिजनों की चीखें और सिसकियां माहौल को गमगीन कर रही थीं। हादसे ने छह परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं। जिन घरों में बच्चों की हंसी और भविष्य की योजनाओं की बातें गूंजती थीं, वहां अब गहरा सन्नाटा पसरा है। माता-पिता की आंखों के सामने उनके सपने चिताओं के साथ राख हो गए। यह सिर्फ छह युवाओं की मौत नहीं, बल्कि छह परिवारों की पूरी दुनिया उजडऩे का दर्द था।