होमगाड्र्स कमांडेंट विनय कुमार ने संभाली कमान; जरा सी लापरवाही पर होगी पैनी नजर, दिवाली को सुरक्षित बनाने की पहल
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
दीपावली के पर्व के दौरान जिले भर में आग की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग और होमगाड्र्स की ओर से इस बार भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। होमगाड्र्स की दसवीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट (नौसेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर) विनय कुमार ने दीपावली पर्व के मद्देनजर हमीरपुर में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जोकि 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिला स्तर पर इस मुख्य नियंत्रण कक्ष के अलावा उपमंडल स्तर पर भी हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। कमांडेंट ने सभी जिलावासियों से दीपावली का त्योहार मनाते समय कुछ सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि दिवाली के दौरान आतिशबाजी, पटाखे और फुलझडिय़ां चलाते समय या दीप प्रज्जवलन से आग लगने की घटनाओं की आशंका रहती है। इस दौरान कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतने से कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
विनय कुमार ने कहा कि दिवाली के दौरान दीयों एवं मोमबत्तियों को सुरक्षित स्थान पर ही जलाना चाहिए। इनके आस पास कपड़ा, पर्दा, चादर या अन्य ज्वलनशील सामग्री नहीं होनी चाहिए। पूजा के लिए जलाए गए दीए से भी आग लग सकती है। इसलिए पूजा के स्थान पर भी सावधानी बरती जानी चाहिए। पटाखे-आतिशबाजी चलाने से पहले आस-पास के क्षेत्र की अच्छी तरह सफाई की जानी चाहिए। इस क्षेत्र में कबाड़ या अन्य कोई भी ज्वलनशील चीज नहीं होनी चाहिए। भीड़ भाड़ वाले इलाके में पटाखे आतिशबाजी बिलकुल भी नहीं चलाने चाहिए। पटाखे चलाने वाली जगह पर पानी की बाल्टी भी जरूर रखें तथा छोटे बच्चों के पास पटाखे न चलाएं। कोई पटाखा नहीं छूट रहा हो तो उसे हाथ से बिलकुल न छूएं। पटाखे फुलझडिय़ां चलाते समय हमेशा सूती कपड़े पहनें। खतरनाक पटाखे बिलकुल न खरीदें। पटाखे से जलने पर त्वचा को रगड़े नहीं, बल्कि ठंडे पानी का प्रयोग करें।
इन नंबरों पर दें आग की घटनाओं की सूचना
मुख्य नियंत्रण कक्ष हमीरपुर- टॉल फ्री नंबर 101, 01972222533 और 8219654902
उपदमकल केंद्र नादौन- 01972232101 और 8219888134
उपदमकल केंद्र भोरंज- 01972266101 और 9816836592
दमकल चौकी सुजानपुर- 01972272833 और 8219508595
दमकल चौकी बिझड़ी- 01972283101 और 8219379964
सावधान रहें
कमांडेंट ने कहा कि दिवाली के दौरान कई लोग अपने घरों को बिजली की लाइट्स से भी सजाते हैं। लाइट्स के संबंध में भी पूरी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इन लाइट्स के लिए बिजली की नंगी तारों का बिलकुल भी प्रयोग न करें। इनके कनेक्शन सही होने चाहिए तथा इन्हें इलेक्ट्रिशियन से ही लगवाएं। करंट की आशंका वाली जगह ये लाइट्स बिलकुल भी न लगाएं।