प्रभावितों को गडकरी और जेपी नड्डा से मिलवाएंगे हर्ष महाजन, सांसद ने सुनी लोगों की समस्याएं
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला में ट्विन टनल निर्माण से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को अब केंद्र सरकार के समक्ष उठाने की तैयारी है। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों को आश्वासन दिया कि 20 नवंबर तक उनकी केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ बैठक करवाने का प्रयास करेंगे। इस बैठक के माध्यम से टनल निर्माण से प्रभावित लोगों का पक्ष केंद्र सरकार के सामने रखा जाएगा। प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने सांसद के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि टनल निर्माण के चलते कई मकानों में दरारें आई हैं और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने अपनी और परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
उनका कहना था कि निर्माण कार्य के कारण पैदा हुई परिस्थितियों से भविष्य में भी खतरा हो सकता है। प्रभावितों ने मांग की कि मकानों को हुए नुकसान का आकलन करवाया जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सांसद हर्ष महाजन ने प्रभावितों की बातें सुनने के साथ मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की चिंताओं को दूर करने के लिए जरूरी स्तर पर बातचीत की जाएगी। इस दौरान स्थानीय पार्षद विनीत शर्मा और नरेंद्र ठाकुर, पूर्व पार्षद राजेंद्र चौहान सहित आईडी शर्मा, रमेश चौहान, सतीश शर्मा और अंशुल चौहान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। ट्विन टनल प्रभावित संघर्ष समिति ने सांसद के दौरे और प्रभावितों की समस्याएं सुनने के लिए उनका आभार जताया। समिति को उम्मीद है कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठक से टनल निर्माण के कारण प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल होगी।