ऊना-चंडीगढ़ मार्ग पर लपटों ने स्क्रैप स्टोर चपेट में लिया , दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, दो लाख का नुकसान
नगर संवाददाता-ऊना
ऊना-चंडीगढ़ मार्ग पर बहड़ाला में मंगलवार दोपहर खेतों में लगी आग ने साथ लगते स्क्रैप स्टोर में तबाही मचा दी। आग की चपेट में आने से स्टोर में रिपेयर के लिए खड़ी तीन गाडि़य़ां जलकर राख हो गईं। हादसे में करीब दो लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्टोर में खड़े अन्य वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद बहड़ाला स्थित एमएस जय साईं फर्म के स्क्रैप स्टोर के पास खेतों में अचानक आग लग गई। खेतों में सूखी घास होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में आग की लपटें साथ लगते स्क्रैप स्टोर तक पहुंच गईं। देखते ही देखते स्टोर में रिपेयर के लिए खड़ी तीन गाडय़िां आग की चपेट में आ गईं।
आग लगते ही स्टोर मालिक और स्थानीय लोगों ने इसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो पाए। इसके बाद दमकल विभाग ऊना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों गाडय़िां बुरी तरह जल चुकी थीं। टीम की मुस्तैदी से स्टोर में खड़े अन्य वाहनों को सुरक्षित बचा लिया गया। स्टोर मालिक के अनुसार आगजनी की इस घटना में तीन गाडिय़ों के जलने से करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उधर, इस बाबत अग्निशमन अधिकारी ऊना सुरेश कुमार ने बताया कि बहड़ाला में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। इस दौरान दो लाख से ज्यादा का नुकसान हो गया।